सतना: शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), सतना में 24 सितंबर को महिला अभ्यर्थियों के लिए कैंपस ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास संचालनालय, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में होने वाली भर्ती प्रक्रिया में प्रशिक्षण प्राप्त एवं रोजगार की इच्छुक महिलाओं को निजी कंपनियों में विभिन्न पदों पर रोजगार का अवसर मिलेगा।
दो कंपनियां करेंगी भर्ती
कैंपस ड्राइव में अरविंद फैशन्स, इंदौर और एस्पायर फुटवेयर, वेल्लोर द्वारा भर्ती की जाएगी। अरविंद फैशन्स में प्रेसिंग, टेलर, चेकर, इस्त्री एवं सहायक पदों के लिए 8वीं उत्तीर्ण और आईटीआई उत्तीर्ण महिला अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगी। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष रखी गई है। कंपनी की ओर से करीब 17,934 रुपए सीटीसी और 11,841 रुपए मासिक वेतन की जानकारी दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआईसी, बोनस और ग्रेच्युटी सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। वहीं एस्पायर फुटवेयर-वेल्लोर में 12वीं तथा 10वीं/आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए अवसर है। यहां आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित है। कंपनी के अनुसार 18,046 रुपए सीटीसी और 12,970 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ-ईएसआईसी, बोनस, ग्रेच्युटी के साथ आवास, भोजन और कंपनी बस से नि:शुल्क परिवहन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सुबह 11 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
कैंपस ड्राइव 24 सितंबर को सुबह 11 बजे शासकीय आईटीआई, सतना में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा एवं साक्षात्कार की चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए निर्धारित समय पर पहुंचना होगा। साक्षात्कार के दौरान 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, आईटीआई प्रमाण-पत्र व अंकसूची, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा/रिज्यूमे सहित मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य रहेगा।
