
ग्वालियर। यहाँ ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कुशवाहा समाज के एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरोध और हंगामे के बाद कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और सांसद भारत सिंह कुशवाह के बीच राजनीतिक वर्चस्व और मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। स्थानीय भाजपा में बदले समीकरणों में मंत्री नारायण सिंह को जहां केंद्रीय मंत्री सिंधिया का नजदीकी माना जाता है वहीं समाज की राजनीति में उनके प्रतिद्वंदी माने जाने वाले सांसद भारत सिंह विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह के कट्टर समर्थक हैं। इस तरह मंत्री एवं सांसद के मतभेदों और एक दूसरे के खिलाफ सामने आने को पार्टी के गुटीय संघर्ष से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि ग्वालियर दक्षिण में बेला की बावड़ी के पास कुशवाहा समाज के छात्रावास के भूमिपूजन समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाषण के दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताने की कोशिश की थी। मारपीट और जमकर हंगामा इस कदर हुआ कि पुलिस को दखल देना पड़ा। कार्यक्रम में सिंधिया के समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प तथा हाथापाई की स्थिति बन गई थी।
कार्यक्रम में मंच पर मौजूद प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बिना नाम लिए सांसद भारत सिंह कुशवाह पर तीखा हमला बोला था। इस घटना के बाद पार्टी की अंदरूनी राजनीति की खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में आ गई थी।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यह पूरा विवाद दोनों नेताओं नारायण सिंह और भारत सिंह के बीच कुशवाहा समाज में वर्चस्व स्थापित करने की खींचतान का परिणाम है, जबकि सांसद भारत सिंह इस मामले पर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। निकाय चुनाव से पहले भाजपा की अंदरूनी राजनीति के गरमाने के बाद पार्टी का डैमेज कंट्रोल सिस्टम एक्टिव हो गया है।
