
अशोकनगर। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन भूपेंद्र शेखावत के खिलाफ देहात थाना पुलिस ने एक सप्ताह बाद एफआईआर दर्ज की है। मामला 12 नवंबर की रात तुलसी सरोवर रोड का है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक कार को उनकी बोलेरो जीप ने टक्कर मार दी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण कायम किया है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 7:45 बजे सिविल सर्जन भूपेंद्र शेखावत अपनी बोलेरो (एमपी 67 टी 0614) गाड़ी से तुलसी सरोवर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान तुलसी
सरोवर कॉलोनी निवासी शुभम पुत्र अनिल जैन की वहां खड़ी सफेद रंग की कार से जीप रगड़ खा गई। टक्कर लगने से कार के हिस्से में क्षति पहुंची, जिससे वाहन मालिक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कार मालिक शुभम जैन ने घटना की शिकायत देहात थाना में दर्ज कराई थी। सीसीटीवी में घटना स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड होने के बाद पुलिस ने आवेदन और जांच के आधार पर सिविल सर्जन शेखावत के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने की धारा में मामला दर्ज
किया है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
सिविल सर्जन ने तोड़ा वादाः
सिविल सर्जन द्वारा खड़ी गाड़ी में टक्कर पर हुई एफआईआर में लगभग एक सप्ताह का समय लग गया, क्योंकि सिविल सर्जन ने सबंधित व्यक्ति से गाड़ी को सुधारवाने का आश्वासन दिया, लेकिन जब वह इस्टीमेट लेकर लौटा तो सिविल सर्जन अपने वादे से मुकर गये, इसके बाद गाड़ी मालिक ने थाने में शिकायत की और उसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
