भोपाल: लगातार बढ़ते तापमान और लू के तीखे प्रकोप के बीच भोपाल जिले में कलेक्टर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिया है। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक राजधानी के सभी सरकारी, निजी, अनुदान प्राप्त तथा सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों में नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। उसके बाद एक मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।
प्रशासन का मानना है कि भीषण गर्मी का सबसे अधिक प्रभाव छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है, जिससे उन्हें डिहाइड्रेशन और हीटवेव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसी जोखिम को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।हालांकि, स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति पहले की तरह अनिवार्य रहेगी, ताकि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य बाधित न हों। आदेश की सूचना स्कूल प्रबंधन को दे दी गई है।
