
रीवा, जिले के प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल हुआ है। शासन के आदेश के बाद एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी और अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी का तबादला सतना जिले में कर दिया गया है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा सोमवार 22 सितंबर को दोनों अधिकारियों को अपरान्ह में भारमुक्त कर दिया गया।भोपाल सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 21 सितंबर को जारी की गई तबादला सूची में रीवा से दो अधिकारियों के नाम शामिल थे। इसी के परिपालन में कलेक्टर ने आदेश जारी किए।
2016 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अनुराग तिवारी संयुक्त कलेक्टर के साथ-साथ हुजूर एसडीएम का दायित्व संभाल रहे थे। उनके सतना जाने के बाद अब डिप्टी कलेक्टर जितेन्द्र प्रसाद तिवारी को हुजूर एसडीएम का प्रभार सौंपा गया है। वे पूर्व से ही नजूल अधिकारी और स्थापना शाखा के प्रभारी हैं, अब तीनों जिम्मेदारियां एक साथ संभालेंगे।
वहीं 2012 बैच की अधिकारी सपना त्रिपाठी अपर कलेक्टर के पद पर थीं, उन्हें सतना जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। उनके जाने के बाद संयुक्त कलेक्टर सुधीर कुमार बेक को अपर कलेक्टर (न्यायालयीन कार्य छोड़कर), वित्त और भू-अभिलेख शाखा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अपर कलेक्टर का न्यायालयीन काम अब जिला पंचायत CEO सृष्टि देशमुख गौड़ा (IAS) देखेंगी।
