इंदौर: आज नगर निगम ने भमोरी प्लाजा से भमोरी चौराहे से एम.आर.-10 तथा राजशाही गार्डन से होटल वॉव तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इसके साथ ही बापट चौराहे पर सर्विस रोड पर पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया. नगर निगम द्वारा उक्त दोनों कार्य 19 करोड़ रुपए से किए जाएंगे.महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं विधायक रमेश मेंदोला ने आज केंद्रीय वित्तीय सहायता से 16.76 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.
इसके साथ ही मेघदूत सर्विस रोड पर 2.44 करोड़ की लागत से 18 मीटर लंबाई एवं 12 मीटर चौड़ाई की पुलिया का भूमिपूजन भी किया. इस अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि सड़क एवं ब्रिज जैसे कार्य न केवल यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि शहर के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. विधायक रमेश मेंदोला ने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा.
यातायात को गति मिलेगी
जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य से शहर के यातायात को गति मिलेगी. बापट चौराहे पर पुलिया निर्माण से क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी. नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी. कार्यक्रम में सभापति मुन्नालाल यादव, पार्षद ज्योति पवार, पार्षद पूजा पाटीदार, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे
