
जबलपुर। रेलवे स्टेशन में अवैध वेंडरों का आतंक कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला शनिवार रात्रि का है जहाँ एक यात्री पर अवैध वेंडर टूट पड़ा। वेंडर ने यात्री के साथ मारपीट की। डंडा उठाकर यात्री को मारने दौड़ा। मौके पर अन्य सहयात्रियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को मुंबई-बनारस महानगरी एक्सप्रेस में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक यात्री और अवैध वेंडर के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट होने की नौबत आ गई। मौके पर अवैध वेंडर ने यात्री को पीट दिया। मारपीट से उत्तेजित हुए वेंडर यात्री पर लाठी लेकर दौड़ पड़ा। इस बीच अन्य यात्रियों ने उसे रोक दिया। बताया जा रहा है कि इस बीच कुछ लोगों ने जीआरपी थाने को सूचना दे दी थी। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंच गई थी। जीआरपी ने अवैध वेंडर को पकड़ लिया था।
