अमृत योजना 2.0ः नल कनेक्शन लेने के बाद भी नहीं मिल रहा पानी

इंदौर. अमृत योजना 2.0 के तहत शहर में नल कनेक्शन लगने के बाद भी पानी न आना एक गंभीर समस्या बनी हुई है. इसका कारण प्रशासनिक लापरवाही और बुनियादी ढांचे में तालमेल की कमी माना जा रहा है. अमृत योजना का मुख्य उद्देश्य हर घर तक साफ पानी पहुंचाना है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता से पैसा लेने के बाद भी उन्हें पानी न मिलना योजना के क्रियान्वयन पर बड़े सवाल खड़े करता है.

ऐसा ही मामला वार्ड क्रमांक 64 के मजदूर क्षेत्र कितावद काकड़ से सामने आया है. तीन इमली बस स्टैंड के पीछे बसे कितावद काकड़ के दुर्गा माता मंदिर के समीप पहुंचकर नव भारत टीम द्वारा पड़ताल की गई तो यहां अमृत योजना-2 के दावों की जमीनी हकीकत सामने आई. क्षेत्र में नर्मदा लाइन तो डाली गई और कनेक्शन के नाम पर लोगों से राशि भी वसूली गई, लेकिन इसके बावजूद आज तक घरों तक नर्मदा का पानी नहीं पहुंच पाया.

क्षेत्रवासियों के मुताबिक, समस्या यहीं खत्म नहीं हुई, नल कनेक्शन की राशि लेने के बाद अब लोगों को पानी के बिल भी थमाए जा रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि जब नलों में पानी ही नहीं पहुंच रहा तो बिल किस बात का? पानी की किल्लत के चलते लोगों को 60 रुपए देकर एक कोठी पानी खरीदना पड़ रहा है. जरूरत अधिक होने पर आसपास के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है. क्षेत्र का सरकारी बोरिंग भी अधिकांशतः खराब रहता है, जबकि कुछ स्थानों पर उसकी लाइन तक नहीं है. रहवासियों की मांग है कि दुर्गा माता मंदिर के समीप एक सरकारी बोरिंग कराया जाए, ताकि उन्हें पानी की समस्या से राहत मिल सके.

यह बोले रहवासी…

गरीब बस्ती है पानी की बहुत किल्लत है. नलों में नर्मदा पानी नहीं आता. लोग मिलकर निजी पानी का टैंकर बुलाते हैं. एक कोठी पानी 60 रुपए में मिलता है. हम कब तक खरीदें.
– बाली बाई

साल-डेढ़ साल से नलों में पानी नहीं आ रहा. पास की गली में बोरिंग है, लेकिन उसका पानी इधर नहीं आता और ना ही हमारे इधर बोरिंग की लाइन डाली गई है. पानी की किल्लत हमेशा बनी रहती है.
– लक्ष्मी बाई

नल कनेक्शन के समय पैसे दिए हैं और टैक्स के साथ समय पर बिल भी भरा है. हम चाहते हैं कि नलों से नर्मदा पानी की सप्लाई जल्दी शुरू की जाए.
– रेखा सांवले

दूसरे बोरिंग का पानी हमारी गली में नहीं आता, जिससे हमें पानी की दिक्कत होती है. इसलिए क्षेत्र में एक और बोरिंग की आवश्यकता है, जिससे लोगों को पर्याप्त पानी मिल सकता है.
– गीता बाई

खराब वाल बदलकर शीघ्र सप्लाई शुरू की जाएगी

अभिनव नगर में पानी की थोड़ी दिक्कत है और वहां की लाइन का खराब वाल बदलना है, जल्दी ही पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी.
– मनीष शर्मा, पार्षद

Next Post

तेज आवाज में डीजे बजाया, पुलिस ने दो साउंड वाहन किए जब्त

Fri Sep 25 , 2026
इंदौर: डोल ग्यारस के दौरान ध्वनि प्रदूषण रोकने और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है. एमजी रोड थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज आवाज में डीजे और गाने बजाए जाने की सूचना पर पुलिस […]

You May Like