अमेरिका ईरान के बचे-कुचे नेतृत्व को भी खत्म कर सकता हैः ट्रंप

वाशिंगटन, 18 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान की मौजूदा शासन व्यवस्था के बचे-कुचे हिस्से को ‘खत्म’ कर सकता है।

श्री ट्रंप ने इसके साथ ही हार्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए भागीदार और सहयोगी देशों पर अधिक जिम्मेदारी डालने के संकेत दिए हैं, जो उनके बढ़ते कूटनीतिक कड़े रुख को दर्शाता है। उन्होंने ‘ट्रुथ सोशल’ पर सवाल किया कि अमेरिका को अकेले ही इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को फिर से खोलने का बोझ क्यों उठाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि खाड़ी के तेल पर अधिक निर्भर देशों को इसमें आगे आना चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति की ये टिप्पणियां ईरान की नाकेबंदी का मुकाबला करने के लिए जलडमरूमध्य के माध्यम से टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए एक नौसैनिक गठबंधन बनाने के अमेरिका के बार-बार किए गए आह्वान के बीच आई हैं। हालांकि इस अपील को नाटो और एशियाई सहयोगियों ने काफी हद तक खारिज कर दिया है।

श्री ट्रंप ने तर्क दिया है कि यूरोप और एशिया की तुलना में अमेरिका खाड़ी से अपेक्षाकृत कम तेल आयात करता है। इसलिए अमेरिका की तुलना में उन अर्थव्यवस्थाओं का दांव पर बहुत कुछ लगा है।

अधिकारियों का हालांकि कहना है कि प्रत्यक्ष निर्भरता कम होने के बावजूद अमेरिका वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव के प्रति संवेदनशील बना हुआ है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति होती है और इसमें निरंतर व्यवधान ने पहले ही कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है, जिससे दुनिया भर में ईंधन की लागत और महंगाई बढ़ गई है।

जमीनी स्तर पर, इजरायल ने ईरान की वरिष्ठ हस्तियों पर हमले तेज कर दिए हैं, जबकि निरंतर हमलों के बावजूद ईरान का नेतृत्व ढांचा अब तक बरकरार है। साथ ही, ईरानी मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों ने हॉर्मुज के माध्यम से समुद्री परिवहन को प्रभावी रूप से पंगु बना दिया है, जिससे इस मार्ग से होने वाला पेट्रोलियम एवं उसके अन्य उत्पादों का परिवहन बाधित हुआ है।

 

 

Next Post

बंगलादेश में 'नीलसागर एक्सप्रेस' के पटरी से उतरने से 112 से ज्यादा यात्री घायल

Thu Mar 19 , 2026
राजशाही, 18 मार्च (वार्ता) उत्तरी बंगलादेश में ढाका जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन ‘नीलसागर एक्सप्रेस’ के नौ डिब्बे बुधवार को बोगुरा में संताहार जंक्शन के पास बागबाड़ी में पटरी से उतर जाने से 112 से ज़्यादा यात्री घायल हो गए। ट्रेन चिल्हाटी की ओर जा रही थी। इस घटना से उत्तरी […]

You May Like

Play sound