बिना कनेक्शन भेजा गया हजारों का बिल 

सीधी। बिना कनेक्शन के हजारों का बिजली बिल भेजा गया है। यह मामला शासकीय प्राथमिक शाला नौगवां दर्शन सिंह का सामने आया है। 6 माह से विद्युत बिल जमा करने मैसेज भेजा जा रहा है।

दरअसल अपनी विवादित कार्यशैलियों को लेकर विद्युत विभाग हमेंशा से सुर्खियों में रहता है। निजी कनेक्शनों के भारी-भरकम विद्युत बिल एवं अन्य समस्याओं पर विभागीय अधिकारी उपभोक्ता को ही दोषी करार देते हैं। लेकिन सरकारी विभाग भी विद्युत विभाग की मनमानियों एवं लापरवाही का शिकार बने हुए हैं। ऐसा ही मामला जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय नौगवां दर्शन सिंह का सामने आया है। विद्यालय में विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन एवं आवश्यक राशि वर्ष 2026 के प्रारंभ में ही ग्रामीण विद्युत मंडल सीधी कार्यालय में जमा कराया गया था। विभाग द्वारा सरकारी विद्यालय में विद्युत कनेक्शन होने के कारण आवश्यक कार्रवाई कागजों में पूर्ण करने के पश्चात कागजों में ही विद्युत कनेक्शन कर दिया गया है। करीब 6 माह से विद्यालय के विद्युत कनेक्शन के लिए आईव्हीआरएस 1355025409 के बिजली बिल भुगतान के लिए प्रधानाध्यापिका के मोबाइल में मैसेज आ रहा है। चूंकि विद्यालय में कोई विद्युत कनेक्शन ही नहीं हुआ है इस वजह से बिल का भुगतान भी नहीं हो रहा है जो लगातार बढ़ाकर भेजा जा रहा है। अभी जुलाई 2026 माह के लिए बिजली का बिल 12499 रुपए का भेजा गया है। बिल जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 थी। निजी घरों का बिजली बिल बकाया होता तो विद्युत कर्मचारी तत्परतापूर्वक कनेक्शन काटने के लिए भी पहुंच जाते। शासकीय विद्यालय का बिजली बिल है और मौके पर कोई कनेक्शन ही नहीं है इस वजह से वसूली के लिए भी कोई नहीं जाता। आश्चर्य की बात तो यह है कि विद्यालय भवन के बाउंड्रीवाल के किनारे ही करीब 5 फिट की दूरी में बिजली का पोल भी स्थित है। फिर भी बिजली का कनेक्शन मौके पर न करना ग्रामीण विद्युत मंडल की बड़ी लापरवाही है।

पानी पीने के लिए पहाड़ी से नीचे आते हैं नौनिहाल –

शासकीय प्राथमिक विद्यालय नौगवां दर्शन सिंह के बाउंड्रीवाल के अंदर हैंडपंप लगा है। किंतु यह हैंडपंप महीनों से बिगड़ा पड़ा है। हैंडपंप सुधार के लिए न तो पंचायत की ओर से कोई प्रयास किए जा रहे हैं और न ही पीएचई विभाग का कोई अमला सुधार के लिए आ रहा है। ऐसे में पानी पीने के लिए ऊंची पहाड़ी पर स्थित विद्यालय भवन से नीचे आकर नौनिहाल छात्र-छात्राएं पानी पीते हैं। तत्संबंध में स्थानीय अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय परिसर के अंदर लगे हैंडपंप में छात्रों को व्यवस्थित पेय जल उपलब्ध कराने के लिए मोटर पंप भी लगा है। किंतु विद्यालय भवन में बिजली का कनेक्शन ही न होने के कारण मोटर पंप का उपयोग भी नहीं हो रहा है। चर्चा के दौरान कुछ अभिभावकों का कहना था कि विद्यालय में जुलाई माह तक केवल प्रधानाध्यापिका ही पदस्थ थीं। ऐसे में दिन में उनका पूरा समय विद्यालय संचालन में ही गुजरता था इस वजह से बिजली कनेक्शन के लिए कुछ अभिभावकों द्वारा ही ग्रामीण विद्युत मंडल सीधी कार्यालय जाकर कई बार फरियाद की गई फिर भी वहां से आश्वासन के सिवाय अभी तक कोई पहल नहीं की गई। इस वजह से केवल कागजों में ही बिजली कनेक्शन कर देने से विद्युत बिल जमा करने का मैसेज भेजा रहा रहा है।

इनका कहना है –

शासकीय प्राथमिक विद्यालय नौगवां दर्शन सिंह में विद्युत कनेक्शन न होने के बाद भी लगातार बिजली बिल भेजे जाने की शिकायत अभी संज्ञान में आई है। तत्संबंध में आवश्यक कागजात देखने पर ही इस संबंध में जानकारी दी जा सकती है। फिर भी वह अपनी ओर से यह प्रयास करेंगे कि जल्द विद्युत कनेक्शन हो जाए।

अजीत सिंह बघेल, ईई विद्युत मंडल सीधी

Next Post

उप मुख्यमंत्री ने सीवरेज निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों को दिये निर्देश

Sat Aug 1 , 2026
रीवा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने नगर निगम में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों की समीक्षा की. उप मुख्यमंत्री ने जयंतीकुंज सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के सुधार कार्य का निरीक्षण किया. मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जयंतीकुंज एसटीपी का सुधार कार्य तत्काल शुरू […]

You May Like