पौड़ी, 20 सितंबर (वार्ता) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के स्वीत गांव से आगे देवलगढ़ की ओर जाने वाली सड़क पर कल देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में लटक गयी।
गनीमत रही कि कार खाई के किनारे पर अटक गई और उसमें सवार लोगों की जान बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकालने का प्रयास किया।
स्वीत गांव के विपिन रावत ने बताया कि क्षेत्र में देर रात तक युवाओं के आने और सड़क किनारे शराब का सेवन करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ने के साथ ही गांव के माहौल पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
ग्रामीणों ने श्रीनगर के कॉलेज प्रशासन से छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए समय-सारणी निर्धारित कर उसका सख्ती से पालन कराने की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन से देवलगढ़ रोड समेत संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और सड़क किनारे शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
