ग्वालियर: म.प्र. की 16वीं विधानसभा के विशेष सत्र और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा आयोजित भोज के बाद म.प्र. के पूर्व विधायक मंडल के उपाध्यक्ष भगवानसिंह यादव के नेतृत्व में पूर्व विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से एक साथ मिलकर वर्षों से लम्बित पूर्व विधायकों की पेंशन आदि की वृद्धि करने की मांग तथा ग्वालियर चम्बल सम्भाग के हजारों मरीजों की बायपास इलाज सुविधा हेतु ग्वालियर में कार्डियोथोरेसि विभाग स्थापित करने हेतु अनुरोध ज्ञापन प्रस्तुत किया।
यादव ने बताया कि वर्षों से लम्बित दोनों मांगों के बारे में केबीनेट मंत्री ज्योतिरादित्य सिन्धिया, ग्वालियर चम्बल संभाग के पूर्व एवं वर्तमान सांसदों, राज्यसभा सदस्य एवं वर्तमान एवं पूर्व विधायकों आदि द्वारा मुख्यमंत्री से भी अनुरोध किया गया है, परन्तु उक्त मांगों के बारे में शासन ने कोई निर्णय नहीं लिया है। ज्ञापन स्वीकार कर मुख्यमंत्री ने मांगों के सम्बन्ध में शीघ्र उचित निर्णय लिये जाने का आश्वासन दिया है।
