दतिया में एक बार फिर कमल खिलेगा : सीएम डॉ. यादव

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान खत्म होने से कुछ घंटों पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के साथ आज दतिया की सड़कों पर भव्य रोडशो कर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के लिए समर्थन मांगा। प्रचार के अंतिम दौर में दतिया पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सर्वप्रथम माँ पीतांबरा के दर्शन किए और फिर रोड शो प्रारंभ किया। रोडशो के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत अभिनन्दन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। दतिया की सड़कों को भाजपा के झंडों, बैनरों से सजाया गया था।

यह रोड शो मां पीतांबरा शक्तिपीठ के पश्चिमी द्वार से शुरू होकर भैरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक निकाला गया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल हुए। इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री ने 2 सभाएं की थी। 14 दिनों में यह तीसरी बार है जब मुख्यमंत्री दतिया पहुंचे।

सीएम मोहन यादव ने आज सभा और जनसंपर्क के दौरान दावा किया कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से दतिया में एक बार फिर भाजपा की जीत होगी और कमल खिलेगा।

*क्षेत्र में 11,500 करोड़ रुपये के निवेश का दावा*

मुख्यमंत्री ने कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा और क्षेत्र में 11,500 करोड़ रुपये के निवेश का दावा करते हुए एक बार फिर कमल खिलने का विश्वास जताया। मुख्यमंत्री ने मां पीतांबरा शक्तिपीठ के दर्शन के बाद सिंधी धर्मशाला में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित किया और एक विशाल रोड शो में हिस्सा लिया। सम्मेलन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओ ने भी संबोधित किया। दतिया सीट पर ओबीसी और विशेषकर कुशवाह समुदाय का वोट बैंक चुनावी नतीजों में अहम माना जाता है, जिसे साधने के लिए भाजपा पूरा जोर लगा रही है।

*आज थम जाएगा चुनाव प्रचार*

दतिया विधानसभा में 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव प्रचार कल 28 जुलाई को थम जाएगा, ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

कांग्रेस के राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने से यह सीट रिक्त हुई है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। माँ पीतांबरा के दर्शन व कार्यक्रमों के दौरान मंच पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी साथ नजर आए, और समर्थकों ने उनके समर्थन में जमकर नारे लगाए।

Next Post

स्कूलों का औचक निरीक्षण, जिला शिक्षा अधिकारी पहुंचीं गांव-गांव

Mon Jul 27 , 2026
सिंगरौली। जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने सोमवार को विकासखंड देवसर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय नया टोला बरका, शासकीय हाई स्कूल पिपरी तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरका का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सीखने […]

You May Like