मुंबई 13 फरवरी (वार्ता) विश्व बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर अडानी पोर्ट्स, इंफ़ोसिस, टीसीएस और एसबीआई समेत चौदह दिग्गज कंपनियों में हुई बिकवाली से आज शेयर बाजार लगातार सातवें दिन गिरावट पर रहा।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 32.11 अंक उतरकर 76,138.97 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 13.85 अंक फिसलकर 23,031.40 अंक रह गया। हालांकि दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में मिलाजुला रुख रहा, जिससे बीएसई का मिडकैप 0.07 प्रतिशत बढ़कर 40,788.11 अंक पर पहुंच गया जबकि स्मॉलकैप 0.43 प्रतिशत गिरकर 46,933.69 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान बीएसई में कुल 4074 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2089 में गिरावट जबकि 1858 में तेजी रही वहीं 127 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 27 कंपनियों में बिकवाली जबकि 23 में लिवाली हुई।
बीएसई के 11 समूहों का रुझान नकारात्मक रहा। इससे सीडी 0.06, ऊर्जा 0.30, एफएमसीजी 0.66, इंडस्ट्रियल्स 0.16, आईटी 0.93, ऑटो 0.33, बैंकिंग 0.12, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.44, तेल एवं गैस 0.34, टेक 0.64 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.98 प्रतिशत लुढ़क गए। वहीं, हेल्थकेयर 0.50, दूरसंचार 0.25, धातु 1.26 और रियल्टी समूह के शेयर 0.72 प्रतिशत चढ़ गए।
वैश्विक स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान जर्मनी का डैक्स 1.22 और जापान का निक्केई 1.28 प्रतिशत मजबूत रहा वहीं ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.81, हांगकांग का हैंगसेंग 0.20 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.42 प्रतिशत गिर गया।
शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 30 अंक बढ़कर 76,201.10 अंक पर खुला मजबूत लिवाली की बदौलत दोपहर तक 76,764.53 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।वहीं, इसके बाद हुई भारी बिकवाली से कारोबार के अंतिम चरण में यह 76,013.43 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले दिवस के 76,171.08 अंक के मुकाबले 0.04 प्रतिशत टूटकर 76,138.97 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह निफ्टी 11 अंक की बढ़त के साथ 23,055.75 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 23,235.50 अंक के उच्चतम जबकि 22,992.20 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 23,045.25 अंक की तुलना में 0.06 प्रतिशत फिसलकर 23,031.40 अंक पर आ गया।
इस दौरान सेंसेक्स की नुकसान उठाने वाली कंपनियों में अडानी पोर्ट्स 1.77, इंफ़ोसिस 1.10, टीसीएस 1.04, एसबीआई 0.81, नेस्ले इंडिया 0.71, टाइटन 0.71, एचसीएल टेक 0.68, एलटी 0.63, एचडीएफ़सी बैंक 0.54, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.34, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.26, आईसीआईसीआई बैंक 0.24, टाटा मोटर्स 0.11 और मारुति 0.02 प्रतिशत शामिल रही।
वहीं, सन फार्मा 3.12, टाटा स्टील 2.99, बजाज फिन सर्व 2.97, बजाज फाइनेंस 2.27, कोटक बैंक 1.46, जोमैटो 1.42, इंडसइंड बैंक 0.98, पावरग्रिड 0.70, अल्ट्रासिमको 0.37, एशियन पेंट 0.35, एनटीपीसी 0.23, भारती एयरटेल 0.13, एक्सिस बैंक 0.13, आईटीसी 0.07, टेक महिंद्रा 0.05 और रिलायंस के शेयर 0.04 प्रतिशत लाभ में रहे।
