स्कूलों का औचक निरीक्षण, जिला शिक्षा अधिकारी पहुंचीं गांव-गांव

सिंगरौली। जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने सोमवार को विकासखंड देवसर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय नया टोला बरका, शासकीय हाई स्कूल पिपरी तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरका का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की परख की और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

शासकीय प्राथमिक विद्यालय नया टोला बरका में दो शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं तथा कक्षाएं नियमित संचालित होती पाई गईं। हालांकि विद्यार्थियों की संख्या कम मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कारण पूछा। प्रधानाध्यापक ने बताया कि धान रोपाई के कारण कई अभिभावक बच्चों को विद्यालय नहीं भेज रहे हैं। इस पर कविता त्रिपाठी स्वयं गांव पहुंचीं और घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया। खेतों में कार्य कर रहे अभिभावकों से भी मुलाकात कर उन्होंने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की समझाइश दी। अभिभावकों ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए प्रतिदिन बच्चों को विद्यालय भेजने का भरोसा दिलाया।

शासकीय हाई स्कूल पिपरी में कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों से गणित और हिंदी विषय के प्रश्न पूछे गए तथा उन्हें श्यामपट पर हल करने के लिए कहा गया। अधिकांश विद्यार्थियों ने संतोषजनक उत्तर दिए, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की सराहना की। विद्यालय में श्यामपट खराब मिलने पर उसे तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद नया हरित पट लगाकर अध्ययन कार्य प्रारंभ कराया गया। सभी शिक्षक उपस्थित मिले तथा उनकी उपस्थिति निर्धारित डिजिटल प्रणाली में दर्ज पाई गई।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरका में कक्षा नौ के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी विषयगत समझ का परीक्षण किया गया। भाषा विषय से जुड़े प्रश्नों के अधिकांश उत्तर विद्यार्थियों ने सही दिए। कुछ विद्यार्थियों ने उसी भाषा में संवाद करने का भी प्रयास किया, जिसकी जिला शिक्षा अधिकारी ने सराहना की। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Next Post

नाबालिग ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस ने फोन जब्त कर शुरू की जांच

Mon Jul 27 , 2026
भोपाल। छोला मंदिर थाना इलाके में एक नाबालिग लड़के ने फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस नाबालिग के परिजनों और दोस्तों से मामले की पूछताछ कर रही है. मौके पर मिले नाबालिग के मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है. मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी […]

You May Like