इंदौर: द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर में देह व्यापार का एक अड्डा उजागर हुआ है. हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई करते हुए मौके से पांच महिलाएं और तीन युवकों को पकड़ा और तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि इस अड्डे को एक विशेष समुदाय की महिला संचालित कर रही थी, जो कमीशन पर महिलाओं को बुलवाकर ग्राहकों के साथ सौदे तय करती थी.
सूचना मिलने पर बजरंग दल के विभाग संयोजक पप्पू कोचले, जिला मंत्री अनिल पाटिल, राजेश राठौर, सचिन प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने वहां आपत्तिजनक स्थिति में कुछ लोगों को पकड़ा और उनमें से शाहरुख नामक युवक की पहचान की, जो मूलतः रीवा का रहने वाला है. शाहरुख ने मौके पर ही स्वीकार किया कि वह महिला के साथ मिलकर पूरा रैकेट चला रहा था और कमीशन पर हिंदू युवतियों को बुलाया करता था.
हिंदूवादी कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही अड्डे पर मौजूद महिला और शाहरुख हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे, वहीं अन्य युवक भी पिटाई के डर से पैरों में बैठ गए. स्थानीय रहवासियों ने भी कार्यकर्ताओं को बताया कि पिछले कई दिनों से वहां अजनबी युवकों की आवाजाही बढ़ गई थी, जिससे उन्हें संदेह हुआ. मामले में थाना प्रभारी सहर्ष यादव का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की. पुलिस अब मकान मालिक की भूमिका की भी जांच कि जा रही है, सभी आरोपियों पर उचित कार्रवाई की जा रही है.
