विधायक रमेश मेंदोला के यहां शोक का रंग डालने पहुंचे
इंदौर: भाजपा से निष्कासित पार्षद जीतू यादव एक बार फिर चर्चा में हैं. होली के दिन वह विधायक रमेश मेंदोला के यहां शोक का रंग डालने पहुंचे. जिसका फोटो अब वायरल हो रहा है. जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर होली के दो दिनों बाद वायरल हुआ एक फोटो चर्चा का विषय बन गया है. धुलेंडी के अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला के निवास पर होली का शोक रंग डालने कई लोग पहुंचे थे, क्योंकि उनके पिता के निधन के बाद यह पहली होली थी.
इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी वहां मौजूद थे और वहीं पर जीतू यादव भी पहली पंक्ति में नजर आए. गौरतलब है कि जनवरी माह में पार्षद जीतू यादव और कमलेश कालरा के बीच हुए विवाद के बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था. राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. माना जाता है कि जीतू यादव, विधायक रमेश मेंदोला के करीबी समर्थक थे, लेकिन निष्कासन के बाद विजयवर्गीय खेमा इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए था. अब जब यादव को मेंदोला के साथ देखा गया, तो इसे संबंधों की मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है
