डिजिटल पुलिसिंग में रतलाम प्रदेश में नंबर-1 

रतलाम। डिजिटल पुलिसिंग और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में रतलाम पुलिस ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के प्रभावी संचालन में वर्ष 2025 के लिए पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी), पुलिस मुख्यालय भोपाल ने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) को सम्मान शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

यह सम्मान रविवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे मिंटो हॉल में आयोजित इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) विषयक राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा किया गया था।

रतलाम पुलिस को यह उपलब्धि अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण संधारण, सीसीटीएनएस के प्रभावी संचालन, ऑनलाइन पुलिस सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए मिली है। इन प्रयासों के चलते रतलाम ने प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर, एनसीआरबी नई दिल्ली के उपनिदेशक प्रसून गुप्ता, फॉरेंसिक एवं साइबर विशेषज्ञ डॉ. सैयद शरीक रिजवी, विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, एनआईसी भोपाल के सुनील जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय रतलाम पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस शाखा तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे पुलिस परिवार के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिणाम है।

Next Post

कलेक्टर ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिला अभियान का किया शुभारंभ

Sun Jun 28 , 2026
रतलाम। जिले में पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, रोगी कल्याण समिति सदस्य हेमंत राहोरी, सीएमएचओ डॉ किरण वाडिवा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील, सिविल सर्जन डॉ एपी सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरसी डामोर, […]

You May Like