
मुंबई। एक्टर धर्मेंद्र (89) की बेटी ने उनके निधन की खबर को गलत बताया है। ईशा ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा- “मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करने के लिए धन्यवाद।”
हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी
हेमा मालिनी ने नाराजगी जताते हुए लिखा- जो हो रहा है, वह माफ करने लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। कृपया परिवार और उनकी निजता की आवश्यकता का सम्मान करें।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार सुबह ही उनके निधन की गलत खबरें फैल गई थीं
300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
धर्मेंद्र भले ही 89 साल के हैं लेकिन इडंस्ट्री में वो आज भी एक्टिव हैं। धर्मेंद्र को हाल ही में फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के बाद ‘तेरी बातों… में ऐसा उलझा जिया’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। वो अगस्त्य नंदा की इक्कीस में भी नजर आने वाले हैं। ये फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होगी। धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय सितारों में से एक हैं। 7 दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। जिसमें ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धरम वीर’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। उनके डायलॉग्स आज भी खूब दोहराए जाते हैं। जिसमें शोले का ‘बसंती इन कुत्तों के आगे मत नाचना’ सबसे ज्यादा हिट रहा है।
