
रतलाम। जिले के सैलाना में लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार दोपहर कृषि विस्तार अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा। टीम ने अधिकारी द्वारा रिश्वत की रशि में से 10 हजार रूपए लेते पकड़ा।
लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने सैलाना के कृषि विस्तार अधिकारी आरोपित मगन लाल मेडा को सैलाना के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कार्यालय में ग्राम सकरावदा के एक व्यक्ति से 10 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंग हाथ पकड़ा। लोकायुक्त टीम आरोपी अधिकारी के कब्जे से रिश्वत के रूपये जप्त कर मौके पर उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लोकायुक्त निरीक्षक राजेन्द्र वर्मा के अनुसार फरियादी विजय सिंह राठौर निवासी ग्राम सकरावदा ने लोकायुक्त एसपी आनंद यादव को शिकायत की थी। श्री राठौर लाइसेंस की ओरिजनल कॉपी लेने के लिए सैलाना के कृषि विस्तार अधिकारी मगन लाल मेड़ा से मिले थे, तो उन्होंने ओरिजनल कॉपी देने के लिए 30 हजार रुपए रिश्वत के मांगे थे। राशि कम करने निवेदन किया था तो वे 25 हजार रुपए लेने के लिए सहमत हो गए थे। इसके बाद उन्होंने मगन लाल मेडा को 21 अगस्त 2025 को 15 हजार रुपये दे दिए थे। शेष राशि 10 हजार रुपए बाद में देने की बात हुई थी। शिकायत की तस्दीक कराई तथा मगन लाल मेडा को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। गुरुवार दोपहर लोकायुक्त निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के नेतृत्व में दल सैलाना पहुंचा। कुछ देर बाद विजय सिंह राठौर ने कार्यालय में जाकर कृषि विस्तार अधिकारी आरोपी मगन लाल मेडा को रिश्वत के शेष 10 हजार रुपये दिए तथा कार्यालय के आसपास घेराबंदी कर खड़े लोकायुक्त दल के सदस्यों को इशारा किया। इशारा मिलते ही दल के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर मगन लाल मेडा को पकड़ कर रिश्वत के रूपये जब्त किए।
