भोपाल: मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने दो वर्षों में डबल इंजन सरकार की परिकल्पना को जमीन पर उतारते हुए विकास और कल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ज्ञान मंत्र के अनुरूप गरीब, अन्नदाता, युवा और नारी के कल्याण को केंद्र में रखकर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है।
श्री सारंग ने मोहन सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में खेल, खिलाड़ी और खेल मैदान प्रमुख रहे हैं। बीते दो वर्षों में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय खेलों में लगातार तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि पेरिस ओलिम्पिक में प्रदेश के दो खिलाड़ियों ने सहभागिता की और विवेक सागर ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है तथा एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में 16 पदक हासिल किए गए हैं। श्रीनगर में आयोजित खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स में भी प्रदेश ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि खेल अकादमियों में अंतरराष्ट्रीय कोच नियुक्त किए गए हैं और 1375 खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। खेल संघों को आयोजनों के लिए शासकीय सहायता दी गई है। नाथू बरखेड़ा में 985 करोड़ रुपये की लागत से भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। फिटनेस के लिए देश में पहली बार फिट इंडिया क्लब की शुरुआत की गई है, जिसे प्रत्येक विधानसभा में विस्तार दिया जाएगा। पार्थ योजना के माध्यम से सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कराने का कार्य किया जा रहा है। 28 विक्रम अवॉर्डी खिलाड़ियों को शासकीय नौकरी दी गई है और प्रतिवर्ष 10 उप निरीक्षक तथा 50 आरक्षक की भर्ती की योजना लाई जाएगी।
श्री सारंग ने कहा कि सीएम युवा शक्ति मिशन के तहत प्रत्येक विधानसभा में मल्टीपर्पज स्टेडियम बनाए जाएंगे, जिनमें हेलीपैड की सुविधा भी होगी और स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। पीपीपी मॉडल पर खेल गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। स्किल इन्हेंसमेंट प्रोग्राम के तहत खिलाड़ियों को विदेशों में प्रशिक्षण के अवसर दिए जाएंगे और देश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्लबों के साथ खिलाड़ियों का आदान-प्रदान होगा। 10 जनवरी से खेलो एमपी यूथ गेम्स की शुरुआत होगी, जिसका आयोजन खेल संघों के साथ किया जा रहा है।
सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सहकारी आंदोलन को मजबूत किया जा रहा है। देश में पहली बार सहकारिता से जुड़ी भर्तियां आईबीपीएस के माध्यम से की गई हैं और आगे दो हजार नई नियुक्तियां की जाएंगी। पैक्स को एम-पैक्स के रूप में विकसित किया जा रहा है और प्रत्येक पैक्स को अतिरिक्त व्यवसायों से जोड़ा जाएगा। सीपीपीपी के माध्यम से पैक्स को कॉरपोरेट से जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं। अप्रैल से सभी पैक्स डिजिटाइजेशन के माध्यम से रियल टाइम कार्य करेंगी।
उन्होंने बताया कि खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। बीज संघ द्वारा एमपी चीता ब्रांड की शुरुआत की गई है, जो आने वाले समय में देश में अग्रणी बनेगा। खाद आपूर्ति के लिए मार्कफेड द्वारा एडवांस स्टोरेज की व्यवस्था की गई है और देश में पहली बार किसान के द्वार पर खाद वितरण का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। कमजोर सहकारी बैंकों को सशक्त करने के लिए 300 करोड़ रुपये दिए गए हैं और दुग्ध संघों को मजबूत करने के लिए एनडीडीबी के साथ समझौता किया गया है।
श्री सारंग ने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में आमूलचूल परिवर्तन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में विकास, खेल, युवा और सहकारिता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश नई ऊंचाइयों को छुएगा।
