
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों सहित दोनों कारखानों में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा और 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान 6.0 आयोजित होगा। अभियान की थीम स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत रखी गई है। तीनों मंडलों में कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधकों तथा कारखानों में मुख्य कारखाना प्रबंधकों के निर्देशन में होंगे। अभियान के तहत स्टेशन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, ट्रेनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और यार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। कचरा संवेदनशील स्थानों और क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट का कायाकल्प, स्वच्छ स्टेशन-स्वच्छ रेलगाड़ी, विद्यार्थियों के बीच जागरूकता, खेल गतिविधियां, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की सफाई तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा व सम्मान पर भी जोर रहेगा।
किया जाएगा श्रमदान
1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे एक दिन, एक घंटा, एक साथ अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान होगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता शपथ और जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ अभियान का समापन होगा। पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन से अभियान में भागीदारी की अपील की है।
