
सीहोर। चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन रविवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया. सुबह से देवी मंदिरों में यज्ञ अनुष्ठान का सिलसिला बना रहा, वहीं घरों में भी कन्या पूजन कर उन्हें भोज कराया गया. शाम को शहर में भव्य व विराट शोभायात्रा निकाली गई.
चैत्र नवरात्रि के नौ दिन भक्त आदिशक्ति की भक्ति में लीन रहे.व्रत उपवास रखकर श्रद्धालुओं ने माता की आराधना की. नवरात्रि के अंतिम दिन सुबह से ही शहर का वातावरण धर्ममय नजर आ रहा था. मंदिरों में हवन पूजन व यज्ञ अनुष्ठान होते रहे. इसके बाद कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया गया. रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के अनेक स्थानों पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. देर रात तक धार्मिक आयोजन होते रहे.
कन्या पूजन के साथ चैत्र नवरात्रि का समापन
बुधनी. रविवार को नवमी के साथ चैत्र नवरात्रि पर्व का समापन हुआ. इसके साथ बुधनी नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. चैत्र नवरात्र के आठवें दिन शनिवार को असीम आस्था के साथ देवी दुर्गा के महागौरी स्वरुप का पूजन अनुष्ठान किया गया.
