
इंदौर। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच इंदौर के छात्रों ने भी अपनी आवाज बुलंद की। शहर के टंट्या भील चौराहे पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हुए और सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन किया।
छात्रों ने कहा कि सोनम वांगचुक शिक्षा से जुड़े मुद्दों और युवाओं के हितों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उनका दावा है कि अनशन के 21वें दिन दिल्ली के जंतर-मंतर से पुलिस द्वारा उन्हें अस्पताल ले जाने की कार्रवाई के विरोध में इंदौर के छात्रों ने यह प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले व्यक्ति के प्रति सरकार का असंवेदनशील रवैया बताया।
