दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह समेत तीन गिरफ्तार

पटना, (वार्ता) जनसुराज के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार की देर रात पूर्व बाहुबली विधायक और मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के उम्मीदवार अनंत सिंह समेत तीन लोगों को पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल से गिरफ्तार किया है। पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के .शर्मा ने देर रात यहां प्रेस वार्ता में बताया कि अक्टूबर को घोसवरी थाना को सूचना प्राप्त हुई कि तारतर गाँव के समीप दो राजनीतिक समूहों के बीच विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई है।घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए तथा एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है।

श्री शर्मा ने बताया कि प्राप्त सूचना के आलोक में पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।इस संबंध में कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।अनुसंधान के क्रम में गवाहों के बयान, घटनास्थल से प्राप्त वीडियो फुटेज का अवलोकन तथा मृतक का पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जैसे प्रमाणों एवं साक्ष्यों के आधार पर अनंत सिंह और उनके दो सहयोगी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मृत व्यक्ति दुलारचंद यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

इस संबंध में आगे विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि 30 अक्टूबर को मोकामा विधानसभा से जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गयी थी। कहा जा रहा है कि मोकामा विधानसभा सीट से जदयू के प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थक और जनसुराज के कार्यकर्ता के बीच झड़प के दौरान दुलारचंद की हत्या की गयी। इस मामले में अनंत सिंह सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

 

 

Next Post

तंजानिया में सुलुहू हसन निर्वाचित हुयीं राष्ट्रपति

Sun Nov 2 , 2025
डोडोमा, (वार्ता) तंजानिया में सुश्री राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन एक बार फिर राष्ट्रपति निर्वाचित हुयी हैं। गौरतलब है कि तंजानिनिया में हाल ही में हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा, सामाजिक अशांति और धोखाधड़ी के बढ़ते आरोप भी सामने आए थे। राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने […]

You May Like