बीजद ने दुष्कर्म पीड़िता से बातचीत का वीडियो जारी करने पर माझी की आलोचना की

भुवनेश्वर, (वार्ता) ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) की महिला शाखा, बीजू महिला जनता दल (बीएमजेडी) ने आज मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार ओडिया मेडिकल छात्रा के साथ बातचीत का वीडियो जारी करने के लिए कड़ी आलोचना की।

बीएमजेडी के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि पीड़िता की बातचीत को सार्वजनिक करना सर्वोच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों का उल्लंघन है, जो यौन उत्पीड़न पीड़िता की पहचान उजागर करने पर रोक लगाते हैं।

बीएमजेडी की वरिष्ठ महासचिव तुकुनी साहू ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के 15 महीने के शासन के दौरान ओडिशा में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी खराब हो गई है।

उन्होंने कहा, “दुष्कर्म , सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं आम हो गई हैं, फिर भी मुख्यमंत्री महिलाओं की सुरक्षा के प्रति कोई चिंता नहीं दिखाते हैं।”

सुश्री साहू ने कहा कि पश्चिम बंगाल की घटना निंदनीय है, लेकिन पीड़िता के साथ अपनी बातचीत को सार्वजनिक करने का मुख्यमंत्री का कृत्य “और भी निंदनीय” है।

बीएमजेडी महासचिव सुमित्रा जेना ने दोहराया कि मुख्यमंत्री ने मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रसारित करके सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन किया है।

Next Post

जयपुर पिंक पैंथर्स पर बड़ी जीत के साथ पुनेरी पल्टन ने शीर्ष-2 में रहना तय किया

Thu Oct 16 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) पुनेरी पल्टन ने त्यागराज इंडोर स्टेडियम में बुधवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 86वें मैच में जयपुर पिंक पैंथर्स को 57-33 के अंतर से हराकर अंक तालिका में शीर्ष-2 में रहनातय कर लिया है। इस हार ने हालांकि जयपुर की मुश्किलें […]

You May Like