जबलपुर से पुणे सीधी वायुसेवा शुरू हो, एलायंस एयर से चर्चा

जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नई दिल्ली में विमानन कंपनी, एलायंस एयर के सीएमडी अमित कुमार से मुलाकात कर जबलपुर से देश के प्रमुख शहरों के लिए सीधी विमान सेवाएं प्रारंभ किए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने विशेष तौर पर जबलपुर से पुणे सीधी वायुसेवा की आवश्यकता तथा कंपनी के व्यावसायिक दृष्टिकोण पर चर्चा की और बताया कि जबलपुर पुणे मार्ग जहां जबलपुर वासियों के लिए महत्वपूर्ण है वहीं एलायंस एयर को भी इस मार्ग पर पर्याप्त यात्री मिलेंगे। उन्होंने जबलपुर से चेन्नई, अहमदाबाद तथा जबलपुर से पटना के लिए सीधी विमान सेवाएं प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा। इस अवसर पर फेडरेशन के उपाध्यक्ष जयदेव योगेश ताम्रकार ने रीवा से मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा प्रारंभ किए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि रीवा एवं आसपास के क्षेत्रों के उद्योग, व्यापार, शिक्षा एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए मुंबई से सीधी हवाई कनेक्टिविटी उपयोगी होगी तथा इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को सुविधा मिल सकती है। फेडरेशन ने इस संबंध में आवश्यक यात्री मांग,औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों तथा अन्य संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में एलायंस एयर को पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।

औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा

हिमांशु खरे ने बताया कि इन महत्वपूर्ण औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक केंद्रों से जबलपुर की सीधी हवाई कनेक्टिविटी होने से महाकौशल क्षेत्र के उद्योग एवं व्यापार जगत को सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में निवेश, व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर एलायंस एयर के सीएमडी अमित कुमार ने चर्चा के दौरान बताया कि इन मार्गों की व्यावसायिक व्यवहार्यता का सर्वेक्षण कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के माध्यम से संबंधित मार्गों पर यात्रियों की संभावित संख्या, यात्री मांग एवं व्यावसायिक संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण के परिणाम के आधार पर इन मार्गों पर विमान सेवा प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। उन्होंने पुणे मार्ग के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे, उपाध्यक्ष जयदेव योगेश ताम्रकार तथा चैंबर सचिव प्रवीण आचार्य उपस्थित रहे।

Next Post

पुलिस ने कातिल से कराया क्राइम सीन रिक्रिएट

Tue Sep 22 , 2026
जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत बाबाटोला में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई सूरज चौधरी (22) की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मंगलवार को मौका-ए-वारदात पर ले गई, जहां भारी सुरक्षा के बीच क्राइम सीन रिक्रिएट करवाया गया। अपराध कैसे, कब अैर किस तरह किया जांचा गया। पूछताछ में […]

You May Like