मोदी अपने राजस्थान दौरे में मानगढ़ धाम को करे राष्ट्रीय स्मारक घोषित-गहलोत

जयपुर 23 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मांग करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 25 सितंबर को अपने राजस्थान दौरे में आदिवासियों के त्याग एवं बलिदान स्थल मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना चाहिए।

श्री गहलोत ने मंगलवार को यहां प्रेस वार्ता में यह मांग करते हुए कहा ” पिछली बार जब श्री मोदी मानगढ़ धाम आये तब मैं मंच पर उनके साथ मौजूद था और इस संबंध में बातचीत हुई थी। पूरी तैयारी कर ली गई थी कि इसे राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना है लेकिन इसकी घोषणा नहीं हुई।”

उन्होंने कहा “अब प्रधानमंत्री फिर बांसवाड़ा दौरे पर आर रहे हैं तो मैं चाहूंगा कि वह इस बार मानगढ़ पहाड़ी जहां आदिवासियों का त्याग एवं बलिदान हुआ उसे लेकर मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करे।” उन्होंने कहा कि उदयपुर कन्हैयालाल हत्याकांड में तीन साल में अब तक आरोपियों को सजा नहीं हो पाई है। यह मामला एनआईए के पास है और प्रधानमंत्री को इस बार में भी जनता को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब जयपुर दौरे पर आये तब उम्मीद थी कि वह कुछ बोलकर जायेंगे लेकिन उन्होंने इस बारे में एक शब्द नहीं कहा।

उन्होंने कहा कि वह हाल में उदयपुर कन्हैयालाल के परिवार से मिलकर आये हैं और बताया गया कि इस मामले के एक गवाह को डर के कारण सदमा पहुंचने पर बयान देने की स्थिति में नहीं था लेकिन बाद में ठीक हो गया और अब उसका बयान भी नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले का मुख्य आरोपी तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता था।

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या आरोपी भाजपा के कार्यकर्ता होने के कारण उन्हें अभी तक सजा नहीं हो पाई, इस पर श्री गहलोत ने कहा कि यह रहस्य बना हुआ हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है और गंभीर घटनाओं के बावजूद सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का इकबाल और पुलिस का डर हो तो आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चारों और हाहाकार मच गया हैं। श्री गहलोत ने कहा कि वह हाल में पांच जिलो में जाकर आये है जो स्थिति बनी हुई है, लोग जाये तो किसके पास, सरकार नाम की चीज नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि सड़के टूटी पड़ी हैं उन्हें भी ठीक नहीं कराया गया हैं। इनकी अस्थाई तौर पर भी मरम्मत नहीं हो रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

Next Post

मोरवा क्षेत्र में तीन यात्री बस समेत पॉच वाहन जप्त 

Tue Sep 23 , 2025
सिंगरौली। जिला परिवहन अधिकारी ने आज दिन मंगलवार को मोरवा अंचल में वाहनों का विशेष जांच पड़ताल किया, जहां बिना परमिट के चल रहे 3 बस समेत 5 वाहनों को जप्त कर सुरक्षार्थ मोरवा थाना में खड़ा कराया है। जानकारी के अनुसार कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला के निर्देश पर जिला परिवहन […]

You May Like