
पथरिया/दमोह। थाना पथरिया क्षेत्र अंतर्गत थाना तिराहे के पास मंगलवार को गैस सिलेंडर में अचानक लगी भीषण आग की स्थिति में थाना पथरिया में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा ने साहस का परिचय देते हुए एक संभावित बड़े हादसे और जन-धन की हानि को टाल दिया।थाना पथरिया के समीप थाना तिराहे के सामने स्थित एक मकान (साहू परिवार) में भोजन बनाते समय अचानक घरेलू गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण आग भड़क गई। आग विकराल होते देख सुरक्षा की दृष्टि से जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर सड़क पर लाया गया, जिससे मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी व दहशत का माहौल बन गया।
थाना पथरिया में तैनात प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा ड्यूटी हेतु थाना से जा रहे थे जो कि थाना तिराहे के पास जलते सिलेण्डर को देखकर वहां रूके। पास में ही स्थित गैस एजेंसी संचालक द्वारा अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) उपलब्ध कराये जाने पर उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना अत्यंत सूझबूझ और तत्परता के साथ जलते हुए सिलेंडर की आग पर काबू पाकर उसे पूर्णतः शांत किया।यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो व्यस्त मार्ग पर सिलेंडर ब्लास्ट होने से भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा के इस साहसिक कार्य व त्वरित निर्णय क्षमता की स्थानीय नागरिकों व प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई है। दमोह पुलिस अपने ऐसे जांबाज पुलिसकर्मियों के समर्पण और कर्तव्यपरायणता पर गर्व करती है।
