पुरी, 12 जुलाई (वार्ता) ओडिशा में पुरी जिला प्रशासन ने दो ब्रॉयलर फार्मों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पुरी जिले के देलांग विकासखंड मुनिंदा ग्राम पंचायत में पक्षियों को मारने का काम शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र से पक्षियों के परिवहन पर प्रतिबंध लगा दिया है और सभी चेक गेटों को मुर्गियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने और उन्हें रोकने का निर्देश दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य पशु चिकित्सा विभाग द्वारा किये गये नमूना परीक्षणों से पुष्टि हुई है कि तीन पोल्ट्री फार्मों में लगभग 6,000 से 8,000 पक्षी इस प्रकोप से प्रभावित हुये हैं।
राज्य पशुपालन सचिव अमृत कुलंगे और जिला एवं ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारियों की उपस्थिति में शुक्रवार को बेनुपारा गांव के एक फार्म में पक्षियों को मारने का काम शुरू हुआ। पहले दिन लगभग 4,300 पक्षियों को मारा गया।
शेष पक्षियों को आज ही मार दिया जायेगा और एवियन इन्फ्लूएंजा के प्रसार को रोकने के लिए यह प्रक्रिया चरणों में पूरी की जायेगी।
इस बीच, कई फार्म मालिकों ने मुआवज़े की कमी पर चिंता व्यक्त की है। उनका दावा है कि इसी तरह के प्रकोपों के दौरान सहायता के पूर्व आश्वासनों के बावजूद, उन्हें अभी तक कोई सहायता नहीं मिली है।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि प्रभावित क्षेत्र से पक्षियों के परिवहन पर प्रतिबंध अभी भी लागू है।
