मुंबई, 12 जुलाई (वार्ता) देश और महाराष्ट्र के लिए एक गौरवशाली क्षण के रूप में, छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत से जुड़े 12 ऐतिहासिक किलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने एक ‘ट्वीट’ के माध्यम से यह खबर साझा की और इस उपलब्धि को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सात प्रमुख व्यक्तियों के प्रति आभार जताया।
अब यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों के रूप में मान्यता प्राप्त किलों में रायगढ़ (हिंदवी स्वराज्य की राजधानी), राजगढ़, प्रतापगढ़, पन्हाला, शिवनेरी, लोहागढ़, सलहेर, सिंधुदुर्ग, विजयदुर्ग, सुवर्णदुर्ग, खंडेरी और तमिलनाडु में जिंजी किला शामिल है।
श्री फडनवीस ने इस पूरी प्रक्रिया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और अजीत पवार से मिले महत्वपूर्ण सहयोग पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने व्यक्तिगत रूप से यूनेस्को महानिदेशक से मुलाकात की और तकनीकी दस्तावेज प्रस्तुत किए।
उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के विकास खड़गे, यूनेस्को में भारत के राजदूत विशाल शर्मा और पुरातत्व एवं संग्रहालय निदेशालय के हेमंत दलवी सहित अधिकारियों के महत्वपूर्ण योगदान की भी सराहना की।
