
बजरंग दल ने बहोड़ापुर थाने पर किया प्रदर्शन
ग्वालियर। जिले में एक हिंदू युवती से दोस्ती कर दुष्कर्म करने और फिर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसकी जानकारी लगते ही आरोपी घर से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर बहोड़ापुर थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
मामला शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है। यहां लक्कड़खाना निवासी शान खान ने वर्ष 2023 में नाम बदलकर युवती से दोस्ती की थी। उसने युवती को अपना नाम शान शर्मा बताया था। इसके बाद उसने युवती को मिलने के लिए बहोड़ापुर बुलाया और वहां एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने जल्द शादी का वादा कर दो साल तक पीड़िता का शोषण किया। उसने दो अलग-अलग जगह किराए पर कमरा लेकर पीड़िता को लिव-इन रिलेशनशिप में भी रखा। जब पीड़िता को उसका असली नाम और धर्म पता चला, तो वह मारपीट कर धर्मांतरण का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता ने बताया कि वह शादी समारोहों में इवेंट का काम करती है। उसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी शान से हुई थी, जिसने अपना नाम छिपाकर खुद को शान शर्मा बताया था। लंबे समय तक शादी का वादा कर दुष्कर्म करने के बाद, जब पीड़िता ने शान से शादी की बात कही, तो वह उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोपी शान एक मोबाइल की दुकान चलाता है और पहले से शादीशुदा है। कुछ दिन पहले ही पीड़िता को पता चला कि जिसके साथ वह लिव-इन रिलेशन में रह रही है, उसका असली नाम शान खान है और वह पहले से विवाहिता है। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर धर्म परिवर्तन की शर्त रख दी। इसके बाद उसका व्यवहार और भी बुरा होता चला गया। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने बजरंग दल से मदद मांगी। इसके बाद कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन किया।
*पुलिस कर रही जांच*
बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शान खान नामक युवक दो साल से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट कर रहा था। वह लिव-इन रिलेशन में थी और आरोपी ने अपना नाम शान शर्मा बताया था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
