देहरादून, (वार्ता) उत्तराखण्ड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय और अन्तिम चरण में सोमवार को करीब 70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
द्वितीय चरण के लिए राज्य के 10 जनपदों के 40 विकास खण्डों की संबंधित ग्राम पंचायतों में स्थापित मतदान स्थलों में प्रातः आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारम्भ हुयी थी। प्रारंभिक आंकलनों के अनुसार द्वितीय चरण में कुल 70 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। इससे पहले 24 जुलाई को प्रथम चरण में कुल 68 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगणना आगामी 31 जुलाई को होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से देर रात मिली जानकारी के अनुसार दूसरे चरण में कुल 65.50 प्रतिशत पुरुष और 74.50 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला। आयोग ने निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की उनके समर्पण एवं प्रतिबद्धता की प्रशंसा की है।
आज राज्य के दस जनपदों के कुल 40 विकासखंडों में 4709 स्थलों पर मतदाता अपने ग्राम, विकासखंड और जिला पंचायत के सदस्यों और प्रधान का चयन करने के लिए मतदान किया। आज सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद दस बजे तक दो घंटों में 12.42 फीसदी लोगों ने अपना मत प्रयोग किया। जबकि अगले दो घंटे यानि 12 बजे तक मतदान 29.22 प्रतिशत हो चुका था। वहीं, अपराह्न दो बजे तक 41.95 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं शाम चार बजे तक मतदान 58.12 फीसदी पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए राज्य के हरिद्वार जनपद को छोड़कर, बारह जनपदों में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 24 जुलाई को सम्पन्न हो चुका है। पहले चरण में मतदान कुल 49 विकासखंड क्षेत्रों में हुआ था। इस बार कुल 14751 प्रत्याशी मैदान में हैं। अब मतगणना आगामी 31 जुलाई को होगी।
