
ग्वालियर। दिवाली पर ग्वालियर शहर में ध्वनि और हवा का प्रदूषण का स्तर पिछली साल की तुलना इस बार कम रहा है, लेकिन अभी भी खतरनाक है। प्रदूषण बोर्ड की वेबसाइट पर एक्यूआई में शहर के सिटी सेंटर में हवा की स्थिति खराब है जबकि महाराज बाड़ा और डीडी नगर पॉइंट पर बहुत ज्यादा खराब है। महाराज बाड़ा में 255, डीडी नगर में हवा की स्थिति 248 एक्यूआई है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से बिल्कुल ठीक नहीं है। मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिवाली की रात 6 घंटे (शाम 6 से रात 12 बजे तक) शहर के अलग-अलग तीन स्थानों पर मॉनिटरिंग की।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का दावा है कि महाराज बाड़ा, विश्वविद्यालय और दीनदयाल नगर क्षेत्र में ध्वनि और हवा प्रदूषण का स्तर साल 2023, 2024 की तुलना में इस साल कम रहा। जबकि पटाखे देर रात तक चले हैं। इस बार ग्रीन पटाखे पर जोर देना सार्थक साबित हो रहा है। यही कारण है कि हवा कुछ पॉइंट पर जहरीली है, लेकिन उतनी नहीं जितनी पिछले दो साल में थी। ग्वालियर में पटाखों के चलते हवा की सेहत एक बार फिर खराब हुई है। दीवाली पर शहरभर में वायु गुणवत्ता की स्थिति पर नजर रखी गई। बोर्ड के एप के अनुसार 21 अक्टूबर यानि दिवाली के अगले दिन सबसे ज्यादा प्रदूषण महाराज बाड़ा क्षेत्र में रहा। यहां आज मंगलवार 8 बजे को औसत आंकड़ा 255 रहा। वहीं डीडी क्षेत्र में ये आंकड़ा 248 रहा, जबकि सिटी सेंटर में एक्यूआई 131 रहा है।
