मुंबई, 22 जून (वार्ता) टेलीविजन पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखने वालों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। स्टार प्लस का नया रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ अब प्रतिभागियों के लिए अपने दरवाजे खोल चुका है। शो के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है और इसके विजेता को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। अभिनेता अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस शो में प्रतिभागियों की समझ, तार्किक क्षमता, अवलोकन कौशल और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता की परीक्षा होगी। शो का उद्देश्य देश के सबसे तेज और होशियार दिमागों को एक मंच पर लाना है।
शो में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन के लिए स्टार प्लस की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। शो में छात्र, प्रोफेशनल, गृहिणी, उद्यमी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भाग ले सकते हैं। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम उन लोगों के लिए एक अनूठा अवसर है, जो अपनी बौद्धिक क्षमता और त्वरित सोच के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना चाहते हैं। स्टार प्लस का यह नया रियलिटी शो दर्शकों के बीच उत्सुकता का विषय बना हुआ है और माना जा रहा है कि यह देशभर के प्रतिभाशाली लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगा।

