यमुना घाट की सफाई के बाद कांग्रेस का विरोध रद्द, कालिंदी कुंज में छठ की तैयारियां तेज

नई दिल्ली। दिल्ली के कालिंदी कुंज स्थित यमुना घाट पर सफाई के बाद कांग्रेस का प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन रद्द हो गया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव आज घाट पर पहुंचकर यमुना में बढ़ते प्रदूषण और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बीजेपी सरकार को घेरने वाले थे, लेकिन कार्यक्रम रद्द होने के कारण कांग्रेस की ओर से कोई प्रदर्शन नहीं किया गया। दरअसल, छठ महापर्व से पहले यमुना की सफाई और प्रदूषण का मुद्दा दिल्ली की राजनीति में लगातार गरमाया हुआ है। बीते दिन यमुना में मनोज तिवारी का पुतला डुबोकर भी विरोध जताया गया था।

वहीं, कालिंदी कुंज यमुना घाट पर छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। घाट की सफाई कराई जा रही है और यमुना के पानी में दिखाई देने वाले झाग को कम करने के लिए एंटी-फोम केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। एक स्थानीय निवासी ने ‘नवभारत’ से बातचीत में बताया कि छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं और वह सरकार की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। ऐसे में छठ पूजा से पहले प्रशासन की तैयारियों के साथ-साथ यमुना की सफाई और प्रदूषण का मुद्दा भी चर्चा में बना हुआ है।

Next Post

कभी स्वच्छता में नंबर-2, अब पुरस्कारों की दौड़ से बाहर हुआ भोपाल!

Wed Nov 11 , 2026
भोपाल। कभी देश में स्वच्छता के मामले में दूसरे नंबर पर रहने वाला भोपाल… इस बार स्वच्छता पुरस्कारों की दौड़ से ही बाहर हो गया! आखिर क्यों पिछड़ गई देश की राजधानी कहलाने वाला शहर? स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की पुरस्कार सूची में भोपाल का नाम शामिल नहीं है। इसके बाद […]

You May Like