
इंदौर। शहर में मेट्रो का सुपर कॉरिडोर 03 से मालवीय नगर तक अगले चरण का संचालन शुरू करने के तैयारी है. इसके लिए सीएमआरसी 15 फरवरी के पहले इंदौर का दौरा करेंगे. सीएनआरसी के दौरे को देखते हुए मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक ने प्राथमिक कॉरिडोर स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रगति तथा प्रस्तावित परिचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधकीय पहलुओं का अवलोकन किया. साथ ही निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय सीमा में काम पूरा करने का ध्यान रखें.
मेट्रो रेल के प्रबंध संचालक कृष्ण चैतन्य ने आज इंदौर मेट्रो के मालवीय नगर रेडिसन चौराहे से सुपर कॉरिडोर 02 तक सभी स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान स्टेशन परिसर, अप्रोच मार्ग, यात्री सुविधाओं एवं फिनिशिंग कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया. प्रबंध संचालक ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के साथ तय समय सीमा में पूर्ण करे. अगले चरण में यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आधुनिक मेट्रो सेवा उपलब्ध कराई जा सके. उन्होंने बताया कि इंदौर मेट्रो के आगामी सेक्शनों पर परिचालन शुरू करने की तैयारी है. 15 फरवरी के आस पास सीएमआरसी के इंदौर आने की संभावना है. इसके बाद मेट्रो गांधी नगर से मालवीय नगर तक 17 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. इस दौरान करीब 16 स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है और तकनीकी स्तर पर चेकिंग की जा रही है. इसके बाद समीक्षा बैठक में अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्य योजना की जानकारी प्रस्तुत की गई. विशेष रूप से पैकेज आईएन-02, आईएन-03, आईएन-04, आईएन-05 तथा आईएन-07 की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान योजना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे.
