अपहरण कर लूट का मामला: 2 युवती समेत 4 धराए

सतना। स्टेशन रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के पास रात के लगभग 10 बजे युवक का अपहरण कर आटो में ले जाने और सुनसान स्थान पर मोबाइल-रुपए की लूट की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 युवती समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आटो सहित मोबाइल और नकदी बरामद कर ली गई.

कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्त्यारगंज काली बाड़ी निवासी 20 वर्षीय युवक प्रफुल्ल श्रीवास्तव अपने घर से पैदल रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था. रात के लगभग 10 बजे जैसे ही वह पंजाब नेशनल बैंक के निकट पहुंचा वैसे ही एक आटो आकर उसके पास रुक गया. आटो में सवार दो युवती और एक युवक ने मुंह दबाते हुए प्रफुल्ल को जबरदस्ती आटो में बैठा लिया. आटो में बैठाकर प्रफुल्ल को महादेवा पेट्रोल पंप में ले जाया गया. जहां पर जान से मारने की धमकी देते हुए पिन कोड लेकर पेट्रोल पंप में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करा लिए गए. जिसके बाद आरोपियों ने ऑनलाइन भेजे गए रुपयों को पेट्रोल पंप कर्मचारी से अपने मोबाइल में ट्रांसफर करा लिए. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फौरन सक्रिय हो गई. आरोपियों की पहचान करते हुए उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरु कर दिए गए. सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने एक एक करके 2 युवती और 2 युवकों को पकड़ लिया. पूछताछ किए जाने पर चारों आरोपियों ने अपहरण कर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया.

सभी आरोपी कम उम्र के

आरोपियों की तस्दीक पर घटना में प्रयुक्त आटो, 4 मोबाइल, लूटा गया मोबाइल सहित 5400 रु की नकदी बरामद कर ली. जिसे देखते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंख दिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियूष कुशवाहा पिता पप्पू उम्र 20 वर्ष निवासी मंगल भवन धवारी, अंकित द्विवेदी पिता मनोज उम्र 19 वर्ष निवासी खरवाही अमरपाटन, दिपाली बागरी पिता सतेंद्र उम्र 20 वर्ष निवासी महौरी नागौद और दिशा वर्मन पिता चिंतामन उम्र 18 वर्ष निवासी धवारी गली नंगर 4 के तौर पर हुई. पकड़े गए सभी आरोपियों के कम उम्र के होने के साथ-साथ घटना में दो युवतियों का भी शामिल होने के मामले को पुलिसिंग के लिए नई चुनौती के तौर पर माना जा रहा है.

Next Post

मां दुर्गा मंदिर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चुराया गया घंटा और साइकिल बरामद

Sat Feb 7 , 2026
सतना . सतना-पन्ना मुख्य मार्ग पर पन्ना नाका क्षेत्र में स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में हुई चोरी के मामले में 4 दिन बाद पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया. आरोपी के पास से मंदिर से चुराया गया घंटा और साइकिल बरामद कर लिया गया. जबकि डीवीआर की तलाश […]

You May Like