जबलपुर:बरेला टोल नाके के पास कोसमघाट स्थित डॉन बॉस्को स्कूल के सामने गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद कार ने आगे जा रहे बाइक सवारों को रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार मोटरसाइकिल को करीब करई फीट तक घसीटते हुए सड़क किनारे लगी ग्रिल से जा टकराई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना खौफनाक था कि कार की चपेट में आने से एक युवक का हाथ और पैर कटकर शरीर से अलग हो गए।
दोनों युवकों के शव और कटे हुए अंग सड़क पर ही बिखरे रहे, जिससे राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर बिखरे अंगों और शवों को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ समेटकर मर्चुरी भिजवाया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों मृतक युवक मूल रूप से मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र के निवासी थे। वे दोनों बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी कोसमघाट के पास वे इस भीषण हादसे का शिकार हो गए। पुलिस फिलहाल दोनों मृतकों के शिनाख्त की कार्रवाई कर रही है ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके।
कार के उड़े परखच्चे, चालक मेडिकल कॉलेज रेफर
ट्रक की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हुई कार क्रमांक एमपी 51 जेड बी 3909 का अगला और पिछला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया है। हादसे में कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
