
इंदौर. उम्रकैद की सजा काट रहा आसाराम शनिवार को इंदौर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पहुंचा. यहां पर वह अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए आय़ा था, अस्पताल में उसने हार्ट से जुड़ी कुछ जांचें कराईं. इस दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा कड़ी रही और व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी आश्रम से जुड़े वॉलंटियर्स ने संभाली थी.
बलात्कार के एक गंभीर मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा आसाराम शनिवार दोपहर को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पहुंचा. अस्पताल में उसकी ईको समेत कुछ अन्य चिकित्सकीय जांचें की गईं, आसाराम करीब आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में रहा और जांच के दौरान पूरे समय व्हीलचेयर पर ही बैठा रहा. अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही उसके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी. फ्लोर पर अनावश्यक आवाजाही रोक दी गई थी. अस्पताल की ओर से बताया गया कि प्रारंभिक परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने कुछ और जांचें लिखी हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
