अहमदाबाद, 14 जून (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को यहां विमान हादसे में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। वह सिविल अस्पताल भी गये और घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से बातचीत कर मौजूदा हालात का जायजा लिया। बाद में उन्होंने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भीषण विमान हादसे के पीड़ितों से भी मुलाकात की। श्री खरगे ने सोशल मीडिए एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया “देश को झकझोर कर रख देने वाले अत्यंत दुर्भाग्यपूण विमान दुर्घटना स्थल पर गया। इस विमान हादसे में मारे गये लोगों, पायलट, सहयोगी पायलट को श्रद्धांजलि। मेरी भावना ज़मीन पर मौजूद उन सभी लोगों के परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, जिनमें मेडिकल छात्र भी शामिल हैं।”
उन्होंने कहा “यह एक अकल्पनीय त्रासदी है। पूरा देश शोक में है और हमारी प्रार्थनाएँ शोक संतप्त लोगों के साथ हैं।
विमान हादसे की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।” कांग्रेस नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अभी किसी पर आरोप लगाना ठीक नहीं है। सरकार को हर कदम पर ध्यान देना चाहिए और किसी घटना को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
