खरगोन, 27 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एनटीपीसी परिसर में एक संविदा कर्मचारी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कारण पता लगा लिए हैं।
कर्मचारी ने यह कदम शेयर मार्केट में पैसा डूब जाने के चलते उठाया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 23 वर्षीय लालू चौहान ने 13 जून को एनटीपीसी प्लांट में ऊंचाई से कूद कर आत्महत्या कर ली थी। जांच में पाया गया कि लालू शेयर मार्केट में निवेश करता था। उसने कुछ दिनों पहले एनटीपीसी में अपने फंड से 40 हजार रु निकाल कर निवेश किये थे, लेकिन उसे नुकसान उठाना पड़ा था। लालू एनटीपीसी के कुछ कर्मचारियों के साथ केदारनाथ यात्रा के लिए जाने वाला था। अन्य कर्मचारियों ने उसे टिकट व अन्य व्यवस्थाओं के लिए करीब दो लाख रु दिए थे, लेकिन उसने ये राशि भी शेयर मार्केट में लगा दी और नुकसान उठाया।
बताया गया है कि जिस दिन उसने आत्महत्या की, उसके अगले दिन सभी लोग केदारनाथ जाने वाले थे।
पुलिस सूत्रों ने अभी तक की विवेचना के आधार पर बताया कि उसने मित्रों और स्वयं का पैसा डूब जाने के चलते आत्मग्लानि के कारण आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद ग्रामीण और परिजन ने एनटीपीसी प्लांट के बाहर अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए अगले दिन काफी हंगामा किया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में उसके द्वारा कूद कर आत्महत्या कर लिए जाने के बाद मामला शांत हो गया था।

