देहरादून | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन की शुरुआत देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद उन्होंने बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर जलपान किया और गढ़ी कैंट में बूथ समिति की बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए बूथ स्तरीय तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया और जीत का मंत्र दिया।
दौरे के अगले चरण में नितिन नवीन ने शिवालिक कॉलेज में प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने शिक्षाविदों और पेशेवर वर्ग के साथ सरकारी नीतियों व उपलब्धियों पर चर्चा की। दिन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ‘युवा संवाद’ रहा, जहाँ उन्होंने प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उत्तराखंड की अपनी पहली यात्रा के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और मिशन 2027 के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की।
दौरे के दौरान उनकी सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे लगातार जनसंपर्क और संवाद में जुटे रहे। इससे पूर्व ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ गंगा आरती में शामिल होकर उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का सान्निध्य लिया था। नितिन नवीन की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संगठन को धरातल पर मजबूत करना है, जिसके तहत वे राज्यभर में प्रबुद्धजन सम्मेलनों के माध्यम से सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने की योजना बना रहे हैं।

