‘ग्राम चिकित्सालय 2’ में गार्गी-प्रभात के रिश्ते को मिलेगी नई दिशा, आकांक्षा रंजन कपूर ने खोले राज

मुंबई, 22 जून (वार्ता) प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ग्राम चिकित्सालय के दूसरे सीजन के प्रीमियर से पहले अभिनेत्री आकांशा रंजन कपूर ने गार्गी और प्रभात के रिश्ते को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। आकांशा रंजन कपूर ने कहा कि पहले सीजन में दोनों के बीच जो भावनात्मक जुड़ाव सिर्फ एक झलक के रूप में दिखाई दिया था, वह दूसरे सीजन में और अधिक गहराई के साथ सामने आएगा। गार्गी की भूमिका निभा रहीं आकांक्षा रंजन कपूर ने बताया कि गार्गी और प्रभात के बीच का रिश्ता शूटिंग के दौरान स्वाभाविक रूप से विकसित हुआ। उन्होंने कहा, “गार्गी और प्रभात का डायनेमिक उसी तरह आगे बढ़ा, जैसे-जैसे हम इसकी शूटिंग कर रहे थे। मुझे नहीं लगता कि हममें से किसी ने भी सोचा था कि यह रिश्ता इस तरह सामने आएगा। पहले सीजन में सिर्फ यह एहसास होता था कि दोनों के बीच कुछ खास है, लेकिन वह केवल सतह तक सीमित था। दूसरे सीजन में यह रिश्ता वास्तव में खुलकर सामने आता है।”

उन्होंने इस बदलाव का श्रेय निर्देशक ललितम तिवारी को देते हुए कहा कि उनकी लचीली कार्यशैली ने कलाकारों को अपने किरदारों के साथ प्रयोग करने और रिश्तों को अधिक स्वाभाविक रूप से विकसित करने का अवसर दिया। आकांक्षा ने कहा कि सेट पर सभी कलाकारों को यह रिश्ता बेहद प्यारा लगने लगा था और यही भावना पर्दे पर भी दिखाई देगी। हालांकि गार्गी और प्रभात के रिश्ते का भविष्य क्या होगा, इस सवाल पर उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “सच कहूं तो शायद लेखक भी अभी नहीं जानते कि आगे क्या होने वाला है, लेकिन इस सीजन में इस कहानी को आगे बढ़ाने में हमें बहुत मजा आया।”
दूसरे सीजन का निर्माण द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने किया है। सीरीज को दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने क्रिएट किया है, जबकि इसकी कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है।
सीरीज में अमोल पाराशर , आकाश माखीजा , आनंदेश्वर द्विवेदी , विनय पाठक , आकांक्षा रंजन कपूर, गरिमा विक्रांत सिंह और दिनेश लाल यादव प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ग्राम चिकित्सालय का दूसरा सीजन 23 जून को भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर हिंदी भाषा में प्रीमियर होगा।

.....

Next Post

लापता व्यक्ति का शव खेत में मिला, हत्या की आशंका

Mon Jun 22 , 2026
बैतूल। सांईखेड़ा थाना क्षेत्र में एक गांव में 40 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। वह रविवार से लापता था और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर एक खेत में पेड़ के नीचे पड़ा मिला। शरीर पर […]

You May Like