श्रीनगर, 02 जनवरी (वार्ता) कश्मीर घाटी में रात भर ताजा हिमपात हुआ जिससे हाड़ कंपा देने वाली ठंड का प्रकोप जारी है। यहां आने वाले दिनों में और हिमपात होने का अनुमान है।
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि सबसे महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि सप्ताहांत में होने के आसार हैं।
श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य प्रमुख इलाकों में बुधवार की रात के दौरान हल्का से मध्यम हिमपात हुआ, जिससे सामान्य गतिविधियां बाधित हुईं। रिपोर्टों से यह भी पता चलता है कि कश्मीर के कई उत्तरी क्षेत्रों में हिमपात अभी भी जारी है।
उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा के एक रिपोर्ट में कहा गया है कि मध्यम हिमपात के कारण जिले की प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे सामान्य गतिविधियां बाधित हो गई हैं। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली कर्नाह, केरन, नौगाम, जुमगुंड और बुंगस घाटी सहित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास की सड़कें बर्फ जमा होने के कारण बंद हो गईं। अधिकारियों ने सड़कों से बर्फ हटाने के लिए अपने कर्मियों को तैयार कर लिया है।
स्वतंत्र मौसम भविष्यवक्ता फैजान आरिफ ने कहा,“मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) के दोपहर के दौरान तीव्र होने की उम्मीद है, जिससे उत्तरी कश्मीर के ऊंचे इलाकों, गांदरबल जिले के ऊंचे इलाकों, सोनमर्ग-पहलगाम अक्ष और ज़ोजिला-द्रास-मिनीमर्ग अक्ष पर भारी हिमपात होगा।”
श्रीनगर में मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि मध्यम से तीव्र पश्चिमी तूफान के कारण जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है और चार जनवरी की रात से पांच जनवरी की देर रात के दौरान जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम हिमपात होगा। छह जनवरी की दोपहर से मौसम में सुधार होने और 10 जनवरी तक शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने एक एडवाइजरी भी जारी की है जिसमें कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर के मैदानी/ऊंचे इलाकों सहित सड़कों पर हिमपात, तापमान और बर्फीली स्थितियों को देखते हुए पर्यटकों/यात्रियों/ट्रांसपोर्टरों को प्रशासनिक/यातायात सलाह का पालन करने की सलाह दी जाती है।
श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में लगातार ठंड की स्थिति में कोई कमी नहीं आ रही है, जिससे प्रमुख जलस्रोत जम गए हैं और सामान्य जनजीवन बाधित हो गया है।
बुधवार की मध्यरात्रि के दौरान दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई, लेकिन कश्मीर घाटी में यह हिमांक बिंदु से नीचे रहा। श्रीनगर में पिछली रात शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इस अवधि के दौरान यह जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी के लिए औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
गुलमर्ग घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां तापमान में कुछ डिग्री का मामूली सुधार हुआ और एक दिन पहले के शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले गुरुवार को तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम की इस अवधि के दौरान यह उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट के औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
पहलगाम में रात के तापमान में सुधार हुआ और बुधवार के शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पर्यटक स्थल के लिए यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
कोकेरनाग में तापमान गुरुवार को लगातार दूसरे दिनशून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम पर रहा और दक्षिण कश्मीर के पिकनिक स्पॉट के लिए यह सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा ।
काजीगुंड में रात का तापमान भी बढ़ गया और पिछली रात शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस नीच के मुकाबले शुन्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कश्मीर के प्रवेश द्वार के लिए यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा ।
मौसम कार्यालय ने कहा कि सीमांत कश्मीर जिला कुपवाड़ा एक दिन पहले के 0.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया और यह मौसम की इस अवधि के दौरान इस जगह के लिए सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
