
जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत बाबाटोला में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई सूरज चौधरी (22) की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मंगलवार को मौका-ए-वारदात पर ले गई, जहां भारी सुरक्षा के बीच क्राइम सीन रिक्रिएट करवाया गया। अपराध कैसे, कब अैर किस तरह किया जांचा गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि शराब पीने के दौरान अचानक हुए मामूली विवाद के बाद उसने चाकू से हमला किया था। जिसकी भी तफ्तीश की गई।
पुलिस के अनुसार, शिव मंदिर के पास बाबाटोला का रहने वाला सूरज चौधरी टेंट का काम करता था। रविवार दोपहर को मोहल्ले में ही रहने वाले भइयो उर्फ भूरा चौधरी से उसका शराब पीने के दौरान विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि भूरा ने चाकू निकालकर सूरज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए थे। लहूलुहान हालत में परिजन सूरज को तुरंत विक्टोरिया अस्पताल ले गए थे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के वक्त सूरज का दोस्त राजा चौधरी भी वहीं मौजूद था। अपने दोस्त पर जानलेवा हमला होता देख राजा ने सूरज को बचाने की कोशिश की। राजा ने आरोपी भूरा पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे भूरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल आरोपी भूरा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पुलिस उस पर कड़ी नजर रख रही थी। सोमवार को जैसे ही डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
भेजा गया जेल, हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी भूरा उर्फ अजीत चौधरी 27 वर्ष, निवासी भोलानगर की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
