कोठी क्षेत्र में फिर तेंदुए का हमला

सतना: जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुलुवा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेंदुए के हमले में 8 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 6 भेड़ें घायल हो गईं। लगातार हो रहे जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीणों में दहशत और वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।गुलुवा निवासी रामसोहन पाल उर्फ बिद्दू से प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में सभी भेड़ें बाड़े में बंधी हुई थीं। सुबह जब परिवार के सदस्य बाड़े में पहुंचे, तो उन्होंने 8 भेड़ों को मृत पाया और कई अन्य घायल थीं।

घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के हमले की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, सुबह से हो रही बारिश के कारण घटनास्थल पर जंगली जानवर के पैरों के निशान नहीं मिल सके, जिससे हमले की पुष्टि में कठिनाई आ रही है।लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि तेंदुए की आबादी क्षेत्र में बढ़ती आवाजाही से लोगों और मवेशियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।
महीने भर में चौथी घटना
जिले में एक माह के भीतर जंगली जानवर के हमले से पशुओं की मौत की यह चौथी घटना है। इससे पहले 9 जुलाई की रात कोठी वन क्षेत्र के शिवसागर और मौहार गांव में तेंदुए ने बाड़ों में घुसकर भेड़-बकरियों का शिकार किया था। 22 जुलाई की रात चित्रकूट क्षेत्र के साड़ा गांव में भी तेंदुए के हमले में कई बकरियां मारी गई थीं।

Next Post

पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त

Thu Aug 6 , 2026
शिवपुरी: पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए एम.पी.टास पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 के छात्रवृत्ति आवेदन ऑनलाइन भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी गई है। जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और आईटीआई में पढ़ रहे पिछड़ा वर्ग के जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक […]

You May Like