भोपाल, 09 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली को और बेहतर तथा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पार्टी ने आज अपने पदाधिकारियों के बीच कार्य विभाजन कर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस संबंध में एक पत्र में कहा कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों को प्रभारी और सह प्रभारी बनाने से संबंधित प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है। यह तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण विभाग के प्रभारी महेंद्र जोशी रहेंगे। जबकि सुश्री विभा विंदु डंगोरे और सुश्री निधि चतुर्वेदी को सह प्रभारी बनाया गया है। अब तक संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष का दायित्व निभाते आ रहे राजीव सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का राजनीतिक सलाहकार बनाया गया है। वे इस दायित्व को काफी लंबे समय से निभाते आ रहे थे। संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष की भूमिका अब श्री प्रियव्रत सिंह को सौंपी गयी है। संगठन महामंत्री की भूमिका श्री संजय कामले निभाएंगे।
श्री गौरव रघुवंशी को प्रशासन प्रभारी और चुनाव प्रबंधन का सहप्रभारी बनाया गया है। विचार विभाग के प्रभारी की भूमिका भूपेंद्र गुप्ता देखेंगे। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक जयवर्धन सिंह युवा कांग्रेस एवं सशक्तीकरण, कार्यक्रम नियोजन और क्रियान्वयन विभाग के प्रभारी का दायित्व संभालेंगे। श्री के के मिश्रा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
पूर्व मंत्री पी सी शर्मा को सरकारी कर्मचारी संगठनों के प्रभारी की भूमिका दी गयी है। अन्य पदाधिकारियों को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने सोशल मीडिया एक्स पर संबंधित सूची जारी करते हुए लिखा है, “मुझे पूरा विश्वास है हम सभी मिलकर नई ऊर्जा के साथ कांग्रेस की विचारधारा को जन मन तक पहुंचाएंगे। संगठन की सार्थकता को सिद्ध करते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करेंगे ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।”
