
ग्वालियर। लाल बिल्डिंग के नाम से मशहूर ग्वालियर के नगर निगम कार्यालय में जनकल्याण विभाग के बाहर बुजुर्ग महिलाओं की भारी भीड़ लगी हुई है। यहां आई हुई बुजुर्ग महिलाएं कार्यालय के बाहर बैठकर मुख्यमंत्री तीर्थ योजना द्वारा रामेश्वरम जाने के लिए फार्म भर रही है जिन्हें फॉर्म भरना नहीं आता, वे आते -जाते लोगों से अपना फार्म भरवा रही है । यह सभी बुजुर्ग महिलाएं रामेश्वरम जाने के लिए काफी उत्साहित नजर आ रही है। नवभारत ने इन बुजुर्ग महिलाओं से बातचीत की।
बुजुर्ग महिलाओं में सबसे ज्यादा उत्साहित नजर आ रही मिथिलेश शर्मा का कहना था कि वैसे तो हम कहीं जा नहीं पाए लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही इस योजना से भगवान के दर्शन अवश्य हो जाएंगे, इसी उम्मीद से फॉर्म भर रहे हैं। वही मुन्नी देवी, उमा कुशवाहा, मिथलेश गौतम का कहना है कि हम पहली बार तीर्थ पर जाएंगे इसको लेकर हम काफी उत्साहित हैं। गीता बाथम का कहना था कि हमने पहले भी कई बार अप्लाई किया है लेकिन लॉटरी में हमारा नाम नहीं आया फिर भी हमारा उत्साह कम नहीं हुआ और इस बार फिर से हम फॉर्म भर रहे हैं रामेश्वरम भगवान चाहेंगे तो इस बार हमारा लॉटरी में नाम अवश्य आएगा।
*योजना अच्छी पर ई केवाईसी के लिए होना पड़ता है परेशान* इस योजना की जहां बहुत सारी बुजुर्ग महिलाओं ने तारीफ की और मुख्यमंत्री को इसके लिए बधाई दी वहीं गोमती परिहार,सरिता तोबडे का कहना था कि नगर निगम कार्यालय में आवेदन करने के बाद ई केवाईसी के लिए ऑनलाइन जाना पड़ता है जहां पैसे देने पड़ते हैं इससे हमें काफी परेशानी होती है मुख्यमंत्री जी को इस पर भी ध्यान देना चाहिए कि बुजुर्ग महिलाओं को परेशान ना होना पड़े।
*मध्य प्रदेश सरकार कराती है बुजुर्गों को तीर्थ*
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, मध्य प्रदेश सरकार की एक योजना है जिसके तहत 60 साल से ज़्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य के बाहर के तीर्थ स्थलों पर जाने के लिए सहायता दी जाती है। इस योजना के तहत, राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को एकमुश्त सहायता देती है। यात्रियों को आईआरसीटीसी (रेलवे) के पैकेज के तहत भेजा जाता है। इस योजना के तहत, तीर्थ यात्रियों को उत्तम गुणवत्ता का भोजन, नाश्ता, और शुद्ध पेयजल दिया जाता है। इस योजना की शुरुआत 3 सितंबर, 2012 को रामेश्वरम की यात्रा के साथ हुई थी।
*300 तीर्थ यात्री, 6 सुरक्षा कुर्मी 7 फरवरी को होंगे रवाना* ग्वालियर जन कल्याण विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत इस बार रामेश्वरम तीर्थ कराया जा रहा है जिसमें ग्वालियर दतिया एवं मुरैना के लोग तीर्थ यात्रा कर सकेंगे जिसके लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 28 जनवरी है वही 2 जनवरी को सूची का प्रकाशन किया जाएगा यात्रा 7 फरवरी को मुरैना से शुरू होकर 12 फरवरी को समाप्त होगी।
*इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए ज़रूरी योग्यताएं*
आवेदक मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए.
आवेदक की उम्र 60 साल या उससे ज़्यादा होनी चाहिए.
महिलाओं के मामले में, उम्र 58 साल या उससे ज़्यादा होनी चाहिए.
आवेदक आयकर दाता न हो.
आवेदक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो.
आवेदक किसी संक्रामक बीमारी से ग्रस्त न हो.
