काबुल, 22 सितंबर (स्पूतनिक/वार्ता) अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को तलब कर पक्तिका और कुनार प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि ये हमले अफगानिस्तान की राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन हैं तथा देश इस तरह की कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है।
पाकिस्तानी राजनयिक के साथ बैठक के दौरान अफगानिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि ने पाकिस्तान में हाल में हुई सुरक्षा घटनाओं के लिए अफगानिस्तान की धरती को जिम्मेदार ठहराने वाले आरोपों को निराधार बताया। मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के बयानों का इस्तेमाल सैन्य कार्रवाई को सही ठहराने, तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने और जनता को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है।
मंत्रालय ने पाकिस्तान से अपनी घरेलू समस्याओं के समाधान और अस्थिरता के कारणों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उसने कहा कि पाकिस्तान को जिम्मेदारी दूसरे देशों पर डालने और विदेशों में दुश्मन तलाशने से बचना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने पुष्टि की है कि कल कुनार प्रांत में हुए हवाई हमलों में कम से कम तीन नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्ची भी शामिल है। चार अन्य नागरिक घायल हुए हैं।
यूएनएएमए के प्रतिनिधियों ने कहा कि 2026 की शुरुआत से अब तक अफगानिस्तान में सीमा पार से हुए सशस्त्र हमलों में 1,100 से अधिक नागरिकों की मौत या घायल होने के मामले दर्ज किए गए हैं।

